जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले की मुसाबनी पुलिस ने महिला हत्या कांड का पर्दाफाश करते हुए मृतका के पति संजय शर्मा (45) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने उसके घर से साड़ी का जला हुआ राख भी बरामद किया है, जो हत्या में इस्तेमाल होने की पुष्टि करता है।
मंगलवार को मुसाबनी थाना प्रभारी अनुज कुमार सिंह ने संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर पूरे मामले की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 8 दिसंबर को मुसाबनी के बैनाशोल क्षेत्र में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान महिला की पहचान निशा शर्मा के रूप में हुई, जो हरिजन बस्ती की रहने वाली थी। उसका विवाह 7 वर्ष पूर्व संजय शर्मा से हुआ था, और उसके दो बच्चे हैं।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि खाना बनाने को लेकर पति–पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी पति ने पत्नी की साड़ी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को नजदीकी झाड़ियों में फेंक दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि संजय शर्मा पहले भी दो महिलाओं से शादी कर चुका है, जिनसे उसके दो बच्चे हैं। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
