जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो में बुधवार की रात फ्लाईओवर निर्माण स्थल पर एक बार फिर लापरवाही देखने को मिली। मानगो दायगुट्टू निवासी अंकित कुमार साकची से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मानगो स्मार्ट बाज़ार के करीब एक माल ढोने वाले ट्रक चालक ने गलत तरीके से गाड़ी को बैक करना शुरू किया। इस दौरान ट्रक साइड में लगे स्ट्रीट लाइट के तार में फंस गया। ड्राइवर ने जैसे ही वाहन आगे बढ़ाया, पूरा स्ट्रीट लाइट पोल टूटकर सीधे अंकित के सिर और हाथ पर गिरा, जिससे उन्हें हल्की चोटें आईं।
अंकित ने घटना के बाद वहां मौजूद सुपरवाइजर से सेफ्टी इंजीनियर के बारे में पूछा तो बताया गया कि साइट पर कोई सेफ्टी इंजीनियर मौजूद ही नहीं था। सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अंकित को शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने ले जाया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भी फूटा और नाराज़ भीड़ ने चालक की पिटाई कर दी। लोगों ने निर्माण स्थल पर लगातार हो रही लापरवाही पर भारी नाराज़गी जताई।
आरोपित ड्राइवर का पक्ष भी सामने आया……
घटना के बाद जिस ड्राइवर पर लापरवाही का आरोप लगा, उसने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि “किसी को कोई चोट नहीं लगी है। युवक खुद बात का बतंगड़ बना रहा है।” ड्राइवर ने यह भी दावा किया कि अंकित ने सुपरवाइजर को मारने के लिए दौड़ाया, जिसके बाद सुपरवाइजर डरकर मानगो पुल की तरफ भाग गया।
लगातार लापरवाही पर उठ रहे सवाल…..
यह घटना एक बार फिर उजागर करती है कि मानगो फ्लाईओवर निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही है। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए ताकि आगे कोई बड़ी दुर्घटना न हो।
