जमशेदपुर : जमशेदपुर के आज़ादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 पर सिटी इन होटल के समीप स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर में 30 वर्षीय मूक-बधिर युवती के साथ कथित दुष्कर्म का गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़िता के परिजनों ने मुख्य आरोपी को रंगेहाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
परिजनों का आरोप — मौके पर आपत्तिजनक हालत में पकड़ाया आरोपी…..
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि घटना के समय उन्होंने देखा कि आरोपी अमित कुमार युवती का मुंह दबाकर उसके साथ जबरदस्ती कर रहा था। यह दृश्य देखते ही परिजनों ने शोर मचाया और आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी और परिजनों के बीच हाथापाई भी हुई, जिसमें अमित कुमार की आंख के नीचे गंभीर चोट आई।
आरोपी को पुलिस के हवाले, एक सहयोगी भी हिरासत में…..
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने आरोपी को पकड़कर आज़ादनगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के एक सहयोगी को भी हिरासत में ले लिया है और पूरे प्रकरण की गहन जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ट्रांसपोर्ट कंपनी में करती थी दैनिक कार्य……
परिजनों के अनुसार पीड़िता मूक-बधिर है और रोजमर्रा के काम के तहत ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर में पानी भरने और गोबर लाने का कार्य करती थी। घटना वाले दिन भी वह गोबर लाने के लिए कंपनी परिसर गई थी, लेकिन काफी देर तक घर वापस नहीं लौटी। जब युवती घर नहीं पहुंची तो परिजन उसकी तलाश में निकले और ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर पहुंचे, जहां कथित तौर पर यह घटना सामने आई।
जांच में सामने आए विरोधाभासी तथ्य……
आज़ादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कुछ विरोधाभासी तथ्य सामने आए हैं। जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि घटना से पहले पीड़िता का भाई और आरोपी साथ बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। पीड़िता के भाई का कहना है कि शराब पीने के बाद वह घर चला गया था। वहीं आरोपी का दावा है कि पीड़िता गोबर लेने कंपनी परिसर आई थी और जब उसने उसे वहां आने से मना किया, तो पीड़िता के भाई ने उस पर हमला कर दिया।
पुलिस कर रही है हर पहलू से जांच…..
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को गंभीरता से खंगाल रही है। पीड़िता के परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है और उसके बयान की प्रक्रिया भी कानून के अनुसार पूरी की जा रही है।
जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी सच्चाई…..
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
