जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो से डिमना चौक की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक भीषण आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 5 बजे कार के बोनट से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते धुआं आग की लपटों में तब्दील हो गया।

महज दो मिनट के भीतर पूरी कार आग की चपेट में आ गई और धू-धू कर जलने लगी। आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि कार में सवार यात्री समय रहते बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए, वहीं कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
