जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र से फरार प्रेमी युगल को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार कर शहर ले आई है. दोनों अप्रैल माह से लापता थे और पुलिस को इनकी तलाश थी. गिरफ्तार युवक की पहचान अर्जुन के रूप में हुई है, जो जमशेदपुर के उलीडीह क्षेत्र का ही रहने वाला है.युवती को भी सकुशल बरामद कर पुलिस ने उसे महिला पुलिस की निगरानी में एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां उसकी मेडिकल जांच कराई गई. लड़की के मां के बयान पर उलीडीह पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने पूछताछ के बाद युवक अर्जुन को जेल में भेज दिया है. वहीं युवती का बयान पुलिस कोर्ट में कलमबंद कराएगी. बताया गया कि दोनों के परिजनों ने अप्रैल में उलीडीह थाना में लड़की के मां के बयान पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छानबीन शुरू की. मामले में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम ने यूपी के बुलंदशहर में दबिश देकर दोनों को बरामद किया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, युवक अर्जुन पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप है. इसी आधार पर उसके खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था. मामले की जांच कर रहे एक अधिकारी ने बताया कि मेडिकल जांच और बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है. थानेदार ने बताया कि टीम का गठन कर सटीक लोकेशन के आधार पर छापेमारी की गई थी. दोनों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर वापस शहर लाया गया. जिसके बाद लड़की का मेडिकल जांच भी कराया गया है उसके बाद बुधवार को लड़की का 164 का बयान कराया जाएगा।
