जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत महेंद्र अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 203 में बुधवार को दिनदहाड़े चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आया है। फ्लैट में रहने वाले कारोबारी ऋषभ सिंह ने बताया कि घटना के समय वह अपने परिवार सहित विश्वकर्मा पूजा के लिए अपने वर्कशॉप गए हुए थे।
कारोबारी ने बताया कि जब पूजा संपन्न कर घर वापस लौटा, तो देखा कि उनके फ्लैट के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था. अंदर जाने पर पता चला कि चार अलमारियों के ताले भी तोड़े जा चुके हैं। जांच करने पर पता चला कि चोर करीब 8 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और 2 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो चुके हैं। इस प्रकार कुल 10 लाख रुपये की चोरी की गई है। चोरों ने पूरे घर को उलट-पलट कर दिया और केवल कीमती सामान ही ले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे फ्लैट की फॉरेंसिक जांच की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है, ताकि चोरों का कोई सुराग मिल सके. वहीं इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े इस तरह की चोरी ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात चोरों के खिलाफ छानबीन शुरू कर दी है। वहीं घटनास्थल से कुछ संदिग्ध निशान और साक्ष्य जुटाए गए हैं।
ऋषभ सिंह ने बताया कि उनके फ्लैट में सुरक्षा के पर्याप्त इंतज़ाम थे, लेकिन चोरों ने बेहद चालाकी से चोरी को अंजाम दिया. उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई और चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
