जमशेदपुर : मानगो डिमना मेन रोड स्थित चावल बाजार में बीती रात चोरों ने बेखौफ होकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बाजार के प्रवेश पथ पर स्थित विकास गुप्ता की राशन दुकान का ताला और कुंडी कटर से काटकर चोर नगद रुपये समेत घरेलू उपयोगी सामान लेकर फरार हो गए।

सुबह जब दुकान मालिक विकास गुप्ता रोज़ की तरह दुकान खोलने पहुंचे तो नज़ारा देखकर दंग रह गए। दुकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था, भीतर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और गल्ले में रखा पूरा पैसा गायब था।
पीड़ित दुकानदार विकास गुप्ता ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह रात में दुकान बंद कर ताला लगाकर घर चले गए थे। महाजन को भुगतान के लिए उन्होंने गल्ले में करीब 20 हजार रुपये रखे थे। चोरों ने गल्ले का ताला तोड़कर पूरी नकदी उड़ा ली, साथ ही करीब 10 हजार रुपये मूल्य का घरेलू उपयोगी सामान भी चुरा ले गए।
घटना की सूचना मिलने पर भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित जिला प्रशासन के अधिकारियों को घटना की जानकारी देते हुए बढ़ते अपराध पर गहरी चिंता जताई।
विकास सिंह ने कहा कि मानगो क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। अवैध नशे का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है, जिसका सीधा असर आम नागरिकों की सुरक्षा पर पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। फिलहाल पुलिस को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
