जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े चेन छिनतई की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाशों ने घर के बाहर कचरा फेंककर लौट रही एक महिला को निशाना बनाते हुए उसके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। इस घटना में महिला के गले में गंभीर खरोंच आ गई, जिससे वह काफी सहम गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला अपने घर से कूड़ा फेंककर वापस लौट रही थी, तभी सामने से बाइक पर सवार दो युवक आए। पहले वे महिला के पास से गुजर गए, लेकिन कुछ ही सेकेंड बाद बाइक मोड़कर वापस लौटे और अचानक सामने से झपट्टा मारकर महिला के गले से चेन छीन ली। महिला ने बदमाशों का विरोध करते हुए चेन बचाने की कोशिश की, लेकिन खींचतान के दौरान उसके गले में गहरी खरोंच आ गई।
पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि बदमाश पहले इलाके की रेकी करते हैं और फिर सही मौका पाकर घटना को अंजाम देते हैं। चेन छीनने के बाद दोनों अपराधी तेज रफ्तार बाइक से फरार हो जाते हैं. घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता का बयान दर्ज किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
