जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात हालात उस वक्त बेकाबू हो गए, जब दो पक्षों के बीच चला आ रहा पुराना विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते इतना भड़क उठा कि आक्रोशित भीड़ सीधे मानगो थाना पहुंच गई और वहां जमकर हंगामा, तोड़फोड़ और हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवादित पक्ष के लोग बड़ी संख्या में थाना परिसर में घुस आए और कुर्सी-टेबल, फर्नीचर सहित अन्य सरकारी सामान को नुकसान पहुंचाया। इतना ही नहीं, कुछ वाहनों को भी क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना है। अचानक हुए इस हमले से थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई और माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति बिगड़ते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट….
घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालात को संभालने के लिए सिटी पुलिस, रिजर्व गार्ड और आसपास के थानों से भारी संख्या में पुलिस बल को मानगो थाना क्षेत्र में तैनात किया गया। पुलिस की सख्त मौजूदगी के बाद उपद्रवियों को खदेड़ा गया और स्थिति पर काबू पाया गया।
पुलिस का सख्त संदेश – बख्शा नहीं जाएगा कोई दोषी…..
पुलिस प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस पर हमला करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। थाना परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
स्थिति नियंत्रण में……
पुलिस के अनुसार फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। एहतियातन इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
जांच जारी, बढ़ सकती है कार्रवाई…..
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और आने वाले समय में कई गिरफ्तारियां संभव हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त धाराओं में केस दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
“मानगो थाना पर हमला प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है, अब देखना होगा कि कानून का शिकंजा उपद्रवियों पर कितनी तेजी से कसता है।”
