जमशेदपुर : जुगसलाई में आगामी मेयर चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। इस बीच ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने की मांग की है. आजसू पार्टी के प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने प्रेस बयान जारी कर आरोप लगाया कि झामुमो ने हिदायत खान के इशारे पर माणिक मल्लिक को मेयर प्रत्याशी के रूप में टिकट दिया है। उन्होंने मल्लिक को हिदायत खान का “एजेंट” बताते हुए कहा कि यह निर्णय जुगसलाई में रिंकू सिंह की संभावित जीत को रोकने की साजिश के तहत लिया गया है।

आजसू का दावा है कि जुगसलाई की जनता विकास, पारदर्शिता और मूलभूत सुविधाओं के मुद्दे पर रिंकू सिंह के पक्ष में मजबूती से खड़ी है। पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि मतदाता इस बार बदलाव के पक्ष में मतदान करेंगे. प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ तत्वों द्वारा मतदाताओं को डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि चुनाव पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में कराया जाना चाहिए, ताकि मतदाता बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
आजसू ने जिला प्रशासन से मांग की है कि संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाए। पार्टी ने प्रशासन से पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने का आग्रह करते हुए चेतावनी दी कि यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी होती है तो उसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी. जुगसलाई मेयर चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। अब देखना यह है कि प्रशासन चुनाव को किस तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराता है।
