जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव के तहत वार्ड संख्या 13 से चुनाव मैदान में उतरीं प्रसिद्ध शिक्षाविद किरण कुमारी ने महिला सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बताते हुए एक आधुनिक डिजिटल सुरक्षा प्रणाली लागू करने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि वार्ड में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष डिजिटल सिस्टम बनाया जाएगा, जो सीधे मेयर कार्यालय से जुड़ा रहेगा।

किरण कुमारी के अनुसार इस सिस्टम के तहत एक कंट्रोल रूम उनके कार्यालय में स्थापित किया जाएगा। किसी भी महिला के मुसीबत में होने पर वह टोल-फ्री नंबर पर कॉल कर सकेगी, जिसके बाद तुरंत प्रशासन को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
विभिन्न इलाकों में सघन दौरा…….
अपने चुनावी अभियान के दौरान किरण कुमारी ने ओल्ड सुभाष कॉलोनी, न्यू सुभाष कॉलोनी और टीचर्स कॉलोनी में सघन जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और क्षेत्र की समस्याओं को सुना।

उन्होंने आश्वासन दिया कि वार्ड पार्षद बनने के बाद क्षेत्र की सभी मूलभूत समस्याओं का चरणबद्ध समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब तक किसी जनप्रतिनिधि ने वार्ड की समस्याओं की ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया, लेकिन वह विकास के पांच प्रमुख मुद्दों पर ठोस कार्य कर जमशेदपुर में मिसाल पेश करेंगी।

सभी समुदायों का मिल रहा समर्थन……
किरण कुमारी ने दावा किया कि उन्हें सभी समुदायों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वार्ड के लोग जागरूक और सकारात्मक सोच वाले हैं, जिन्होंने उन्हें समर्थन और आशीर्वाद देने का भरोसा दिया है।

उन्होंने मतदाताओं से 23 फरवरी को अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उनका कहना है कि जब अच्छे और जागरूक लोग बड़ी संख्या में वोट डालेंगे, तभी एक मजबूत और ईमानदार जनप्रतिनिधि सामने आएगा, जो क्षेत्र में समस्याओं के अंबार का त्वरित समाधान कर सकेगा. प्रत्याशी ने यह भी कहा कि युवाओं का उन्हें भरपूर समर्थन मिल रहा है और यही ऊर्जा उन्हें चुनाव में बढ़त दिलाएगी।
