लोकतंत्र सवेरा/जमशेदपुर : मानगो नगर निकाय चुनाव में भाजपा की अंदरूनी कलह अब खुलकर सतह पर आने लगी है। मेयर पद को लेकर पार्टी के भीतर चल रही खींचतान ने सियासी माहौल गरमा दिया है। संध्या सिंह के समर्थन को लेकर जहां एक ओर विरोध के सुर तेज़ हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव की पत्नी कुमकुम श्रीवास्तव की दावेदारी ने राजनीतिक समीकरण बिगाड़ दिए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, कुछ दावेदारों ने खुलकर संध्या सिंह के समर्थन का विरोध किया। हालांकि, प्रदेश नेतृत्व ने इन आपत्तियों को सिरे से खारिज कर दिया। इससे असंतुष्ट नेताओं में नाराज़गी और गहराती नजर आ रही है. इसी बीच सियासी हलकों में यह चर्चा जोरों पर है कि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव अपनी पत्नी कुमकुम श्रीवास्तव को चुनावी मैदान में उतार सकते हैं। बताया जा रहा है कि कुमकुम श्रीवास्तव ने नामांकन पत्र भी खरीद लिया है और आज मंगलवार को पर्चा दाखिल करने की पूरी तैयारी कर ली है।
मानगो नगर निगम चुनाव अब सिर्फ विपक्ष से नहीं, भाजपा के भीतर भी बड़ी सियासी जंग का संकेत दे रहा है. अब देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी नेतृत्व हालात को संभाल पाता है या यह बगावत चुनावी रण में भाजपा के लिए भारी पड़ जाती है।
