जमशेदपुर : आगामी 13 व 14 जनवरी 2026 को हिन्दू उत्सव समिति एवं उम्मीद एक अभियान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले दोमुहानी संगम महोत्सव–2026 को लेकर संचालन समिति की एक महत्वपूर्ण एवं व्यापक बैठक आज परिसदन (सर्किट हाउस) के कॉन्फ्रेंस हॉल में संपन्न हुई। बैठक का उद्देश्य महोत्सव के सफल, सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन हेतु विस्तृत रणनीति तैयार करना रहा।


बैठक में महोत्सव की संपूर्ण रूपरेखा, कार्यक्रमों का क्रम व स्वरूप, वित्तीय संसाधनों की व्यवस्था, आमंत्रित किए जाने वाले विशिष्ट अतिथियों की सूची तथा सम्मानित की जाने वाली सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय संस्थाओं के चयन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही आयोजन को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न कमिटियों का गठन, उनके संयोजक एवं सह-संयोजकों की नियुक्ति तथा जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण किया गया।
साथ ही महोत्सव के प्रचार-प्रसार, जन-जागरूकता, मीडिया समन्वय, स्वयंसेवकों की भूमिका और स्थानीय सहभागिता को सशक्त बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। सभी सदस्यों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि दोमुहानी संगम महोत्सव–2026 को आस्था, पर्यावरण, संस्कृति एवं पर्यटन के संगम के रूप में नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जाएगा।
बैठक का संयुक्त रूप से संचालन हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह एवं उम्मीद एक अभियान के अध्यक्ष सुखदेव सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अमरनाथ ने किया।
संचालन समिति में मुख्य रूप से मनोज सिंह, डॉ. राजीव कुमार, शिवशंकर सिंह, धर्मेंद्र सोनकर, कविता परमार, जम्मू वाले बाबा, कन्हैया सिंह, शंकर रेड्डी, गोपाल जयसवाल, शिवप्रकाश शर्मा, मंजू जी, मृत्युंजय सिंह, अजय अग्रवाल, सन्नी सिंह, अजितेश उज्जैन, रोशन खान, सोनू ठाकुर, सागर राय, रविशंकर पाण्डेय, अभिषेक सिंह, इंद्रजीत सिंह, राहुल जी, संतोष वर्मा, आदित्य वर्मा, अमित दुबे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। समिति को आगे और विस्तारित करने का निर्णय भी लिया गया।
संचालन समिति ने विश्वास जताया कि सभी सहयोगी संस्थाओं, प्रशासन एवं जनसहयोग से यह महोत्सव क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक, प्रेरणादायी एवं स्मरणीय आयोजन सिद्ध होगा।
