जमशेदपुर : मुसाबनी प्रखंड के मुर्गाघुटू पंचायत अंतर्गत रोआम मौजा स्थित जियाडा द्वारा उद्योगपतियों को आवंटित भूमि पर हो रहे औद्योगिक गतिविधियों का शनिवार को घाटशिला के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने गहन निरीक्षण किया। क्रिजल स्टार्च एग्रीको प्राइवेट लिमिटेड के निर्माणाधीन स्थल पर पहुँचकर विधायक ने कंपनी प्रबंधन, इंजीनियरों और मजदूरों से बातचीत की तथा कार्य प्रगति का जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनता की उम्मीदों, रोजगार की संभावनाओं और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।


विधायक सोरेन ने कंपनी प्रबंधन से स्पष्ट कहा कि नई बहाली में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी नए मजदूर की नियुक्ति 5 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले युवाओं और विस्थापित परिवारों में से की जाए। साथ ही उन्होंने मजदूरों का पुलिस वेरिफिकेशन, मेडिकल प्रमाणपत्र, श्रमिक सुरक्षा प्रशिक्षण और सभी सेफ्टी उपकरण उपलब्ध कराने को अनिवार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उद्योग का विकास तभी उपयोगी होगा जब स्थानीय लोगों को रोजगार का ठोस अवसर मिल सके और कार्यस्थल पूरी तरह सुरक्षित हो।
निरीक्षण के दौरान कई मजदूरों को बिना हेलमेट और सुरक्षा जूते के कार्य करते देख विधायक ने नाराजगी जताई और तुरंत सुरक्षा मानकों को लागू कराने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि “पहले सुरक्षा, उसके बाद काम” की नीति ही किसी भी उद्योग की आधारशिला होनी चाहिए। उन्होंने मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को निर्देशित किया कि बिना उचित गेट पास, पहचान पत्र और सेफ्टी गियर के किसी को भी प्रवेश न दिया जाए, ताकि किसी भी दुर्घटना की आशंका से बचा जा सके।
विधायक सोरेन ने कर्मचारियों के दस्तावेजों की जांच भी की और कंपनी को पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ संचालन करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र औद्योगिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और कंपनी को चाहिए कि वह स्थानीय विस्थापितों और बेरोजगार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार प्रदान करे।
निरीक्षण के दौरान झामुमो जिला प्रमुख बाघराय मार्डी, कान्हू सामंत, ग्राम प्रधान मनोरंजन महतो, मुखिया मुचिराम हांसदा, पंसस गोरा पूर्ति, अशोक दास सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
