जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम में नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत में मेयर व अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों को आधिकारिक रूप से शनिवार को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं। चुनाव निशान मिलने के साथ ही सभी उम्मीदवारों ने अपने-अपने इलाके में जनसंपर्क और प्रचार अभियान तेज कर दिया है। वहीं कुछ वार्डों में पार्षद पद के उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं, जबकि मानगो के एक वार्ड में प्रत्याशी नहीं मिलने से सीट रिक्त रह गई है।
मानगो नगर निगम में मेयर पद के लिए कुल 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। इंदिरा सुन्डी को एअर कंडीश्नर, कुमकुम श्रीवास्तव को छड़ी, जेबा कादरी को चूड़ियां, पार्वती देवी को बैटरी टार्च, प्रतिभा रानी को बेंच, बनिता सहाय को बिस्किट, राईमुनी सुंडी को बक्सा और लक्की सिंह को ईंट चुनाव चिन्ह मिला है। वहीं जेबा खान को बाल्टी, संध्या सिंह को कैमरा, सुधा गुप्ता को कार्पेट, सुशीला सिंह को सीसीटीवी कैमरा तथा सोनामुनी सोरेन को चपाती रोलर प्रतीक चिन्ह आवंटित किया गया है।
हालांकि, वार्ड संख्या 22 में योग्य उम्मीदवार नहीं मिलने के कारण वार्ड सदस्य का पद रिक्त घोषित किया गया है। जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए भी प्रत्याशियों को अलग-अलग चुनाव चिन्ह दिए गए हैं। इंदू देवी को एअरकंडीश्नर, जसप्रीत कौर को छड़ी, डॉली मल्लिक को चूड़ियां, नीलोफर हुसैन को बैटरी टार्च, नौशीन खान को बेंच, बलबीर कौर को बिस्किट, मुस्सर्रत खातून को बक्सा और रिंकु सिंह को ईंटें चिन्ह मिला है।
यह निर्विरोध निर्वाचित…….
यहां वार्ड संख्या 05 से मोहम्मद अब्बास अंसारी, 06 से फिरदौस परवीन, 09 से सालेहा अमीरा, 10 से आमरीन परवीन और 11 से राशिद इकबाल अंसारी निर्विरोध पार्षद चुने गए हैं। चाकुलिया में किसे क्या मिला निशान चाकुलिया नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए सोमवारी सेरेन को बैटरी टार्च, संध्या रानी सरदार को चूड़ियां, चंदना मुर्मू को एअरकंडीश्नर और शिलावती टुडू को छड़ी चुनाव चिन्ह दिया गया है। यहां वार्ड 03 से सोनिया दास, वार्ड 08 से मो. नजीमुद्दीन और वार्ड 12 से कारमी सोरेन निर्विरोध पार्षद निर्वाचित हुए हैं।
सियासत में हलचल तेज़…….
चुनाव चिन्हों के आवंटन के बाद स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है और प्रत्याशी मतदाताओं को लुभाने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। आगामी दिनों में चुनाव प्रचार और भी तेज होने की संभावना है।
