लोकतंत्र सवेरा/ जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव अब सिर्फ चुनाव नहीं, सीधी सियासी जंग बन चुका है। संयुक्त प्रेस वार्ता में एनडीए ने पूरी ताकत के साथ मेयर पद के लिए संध्या सिंह के नाम का एलान कर दिया, वहीं राजकुमार श्रीवास्तव की धर्मपत्नी कुमकुम श्रीवास्तव का नाम आते ही सियासत में नई गर्माहट भी साफ नजर आई।
संयुक्त प्रेस वार्ता में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, जद(यू) के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, आजसू पार्टी के जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह, लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष सतीश कुमार और भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह एक मंच पर मौजूद रहे। मंच से जो तस्वीर सामने आई, वह था—एनडीए की एकजुटता, आक्रामक तेवर और निर्णायक इरादे।
एनडीए नेताओं ने एक स्वर में घोषणा की कि मानगो नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए संध्या सिंह ही गठबंधन की आधिकारिक उम्मीदवार हैं। नेताओं ने कहा कि गठबंधन पूरी मजबूती, तन्मयता और रणनीतिक तैयारी के साथ मैदान में उतरा है और अब लक्ष्य सिर्फ जीत नहीं, बल्कि भारी और निर्णायक जीत है।
कुमकुम श्रीवास्तव पर सस्पेंस, लेकिन लहजा सख्त… जब प्रेस वार्ता में राजकुमार श्रीवास्तव की धर्मपत्नी कुमकुम श्रीवास्तव को लेकर सवाल किया गया, तो भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने साफ शब्दों में कहा—
“पार्टी उनसे मुलाकात कर बातचीत करेगी और उन्हें मनाने का प्रयास किया जाएगा। अगर इसके बाद भी कोई सकारात्मक नतीजा नहीं निकला, तो प्रदेश नेतृत्व आगे निर्णय लेगा।”
यानि संकेत साफ हैं—एनडीए में अनुशासन भी है और फैसला लेने का दम भी। मानगो की राजनीति अब उबाल पर है। एक तरफ एनडीए की संगठित ताकत और संध्या सिंह का नाम, दूसरी तरफ कुमकुम श्रीवास्तव की एंट्री से बढ़ता सियासी रोमांच—अब मुकाबला बेहद तीखा और हाई-वोल्टेज होने वाला है।
