जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर शंकोसाई क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। मेयर प्रत्याशी कुमकुम श्रीवास्तव ने लक्ष्मी नगर, रिफ्यूजी कॉलोनी, श्याम नगर, रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की और आशीर्वाद मांगा।

पदयात्रा में भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह, राजकुमार श्रीवास्तव, राजेश साव और दुर्गा दत्ता सहित कई समर्थक कदम से कदम मिलाते नजर आए। स्थानीय लोगों ने जगह-जगह स्वागत कर पदयात्रा में भागीदारी निभाई और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से प्रत्याशी को अवगत कराया।
जनसंपर्क के दौरान कुमकुम श्रीवास्तव ने कहा कि उनकी प्राथमिकता मानगो की जनता की सेवा करना है। उन्होंने जलजमाव की समस्या से स्थायी समाधान, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, महिलाओं की शिक्षा के लिए विशेष विद्यालय की स्थापना तथा पिंक टॉयलेट के निर्माण को अपने प्रमुख मुद्दों में शामिल बताया।

कार्यक्रम के अंत में रामनगर चौक पर सभा आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए विकास सिंह ने कहा कि यह चुनाव देश या राज्य स्तर की राजनीति का नहीं, बल्कि स्थानीय क्षेत्र के विकास का चुनाव है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे जाति और धर्म से ऊपर उठकर मतदान करें और क्षेत्र के विकास के लिए योग्य प्रत्याशी का चयन करें।

विकास सिंह ने स्थानीय विधायक सरयू राय पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले 15 महीनों में मानगो की स्थिति में सुधार के बजाय अव्यवस्था बढ़ी है. जनसंपर्क अभियान के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिससे क्षेत्र में चुनावी माहौल और गरमा गया है।

