जमशेदपुर : थाना-बिरसानगर कांड संख्या 04/2026 (POCSO Act) की विवेचना को लेकर उठे गंभीर सवालों के बीच मंगलवार को जमशेदपुर स्कूली वाहन सेवा संचालक समिति के आह्वान पर शहर के स्कूली वाहन चालकों ने हड़ताल की। हड़ताल का असर टेल्को, बिरसानगर और गोविंदपुर क्षेत्र में पूरी तरह देखने को मिला, जबकि शहर के अन्य हिस्सों में भी 50 प्रतिशत से अधिक वाहन चालकों ने नैतिक समर्थन देते हुए वाहन सेवा से दूरी बनाए रखी।
हड़ताल के कारण सुबह बड़ी संख्या में अभिभावक अपने निजी वाहनों से बच्चों को स्कूल छोड़ने और लाने को मजबूर हुए। लिटिल फ्लॉवर स्कूल, टेल्को सहित कई विद्यालयों के आसपास जाम की स्थिति बनी रही, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।
जाँच की दिशा पर सवाल……
वाहन चालकों ने आरोप लगाया कि POCSO कांड की जाँच की दिशा केवल एक स्कूल वैन चालक तक सीमित कर दी गई है, जबकि प्राथमिकी के अनुसार कथित घटना विद्यालय परिसर में घटित होना दर्शाया गया है। समिति का कहना है कि बच्ची को लिटिल फ्लॉवर स्कूल, टेल्को से कॉलोनी प्रीप्रेटरी स्कूल, बिरसानगर भेजे जाने की प्रक्रिया में अभिभावकीय सहमति, गेट रजिस्टर, अधिकृत एस्कॉर्ट, सुरक्षा SOP और CCTV व्यवस्था जैसे अहम बिंदुओं की अनदेखी की गई है।
समिति के अनुसार यदि कथित घटना कॉलोनी प्रीप्रेटरी स्कूल, बिरसानगर परिसर में हुई है, तो उस समय बच्ची की सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य और ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों की बनती है, जिसकी विवेचना अब तक नहीं की गई।
जाँच में उठीं प्रमुख आपत्तियाँ……
वाहन चालकों ने जाँच प्रक्रिया को लेकर कई गंभीर आपत्तियाँ दर्ज कराईं—विद्यालय प्रबंधन व शिक्षकों की संस्थागत जवाबदेही तय नहीं होना, घटना की सूचना समय रहते पुलिस को स्वयं न देने के पहलू पर चुप्पी, स्कूल परिसर में CCTV निष्क्रिय होने व रिकॉर्ड के अभाव की जाँच नहीं, लिटिल फ्लॉवर स्कूल टेल्को की भूमिका को विवेचना से अलग रखना POCSO Act, JJ Act और RTE Act के तहत संस्थागत लापरवाही की अनदेखी।
13 सूत्री माँग पत्र सौंपा…..
वाहन चालकों ने जिला उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक और सिटी एसपी को 13 सूत्री माँग पत्र सौंपते हुए—निष्पक्ष, स्वतंत्र और दबावमुक्त जाँच, IAS/IPS अधिकारियों की संयुक्त SIT का गठन, लिटिल फ्लॉवर स्कूल, टेल्को और कॉलोनी प्रीप्रेटरी स्कूल, बिरसानगर की भूमिका की अलग-अलग जाँच, लापरवाही पाए जाने पर प्रबंधन, प्राचार्य व शिक्षकों को सह-अभियुक्त बनाने, CCTV, मोबाइल और डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जाँच, अन्य बच्चों, चालकों व स्टाफ के बयान दर्ज करने स्कूलों की मान्यता/अफिलिएशन की जाँच, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने जैसी माँगें रखीं।
विधायक पूर्णिमा साहू से मुलाकात……
हड़ताल कर रहे वाहन चालकों के प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू से मुलाकात कर SIT गठन, दोनों स्कूलों के प्रबंधन व स्टाफ को सह-अभियुक्त बनाने तथा लिटिल फ्लॉवर स्कूल और कॉलोनी प्रीप्रेटरी स्कूल पर कानूनसम्मत कार्रवाई की माँग रखी। विधायक ने आश्वस्त किया कि वे शीघ्र जिला उपायुक्त से मुलाकात कर निष्पक्ष जाँच के लिए आवश्यक पहल करेंगी।
लिखित आश्वासन तक जारी रहेगी हड़ताल…..
वाहन चालकों ने साफ कहा कि जब तक जिला प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन नहीं मिलता, हड़ताल जारी रहेगी। सुबह लिटिल फ्लॉवर स्कूल, टेल्को के सामने वाहन चालकों ने पैदल मार्च और नारेबाजी कर निष्पक्ष जाँच की माँग दोहराई।
