जमशेदपुर : EYA फाउंडेशन द्वारा कांग्रेस नेता एवं सैल्यूट तिरंगा के प्रदेश महासचिव श्री रंजीत झा को विभिन्न रक्तदान शिविरों में 44 बार रक्तदान करने के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके निरंतर सामाजिक सेवा और मानवता के प्रति समर्पण को देखते हुए प्रदान किया गया। गौरतलब है कि रंजीत झा ने अब तक 32 बार टाटा ब्लड बैंक में रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके इस अनुकरणीय योगदान के लिए टाटा ब्लड बैंक, जमशेदपुर द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान जुगसलाई विधानसभा विधायक श्री मंगल कालिंदी,कांग्रेस नेता श्री धर्मेंद्र सोनकर, सेल्यूट तिरंगा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्री रवि शंकर तिवारी जी एवं अन्य कई वक्ताओं ने कहा कि श्री रंजीत झा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनका रक्तदान के प्रति समर्पण समाज में सकारात्मक संदेश देता है। उन्होंने आम नागरिकों से भी रक्तदान को महादान मानते हुए इस पुनीत कार्य में आगे आने की अपील की।
