जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सोमवार को एनडीए समर्थित मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह के समर्थन में मानगो क्षेत्र में भव्य पदयात्राओं का आयोजन किया गया। इन पदयात्राओं का नेतृत्व जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने किया।
पहली पदयात्रा टाइगुट्टू बड़ा हनुमान मंदिर के समीप से प्रारंभ हुई, जबकि दूसरी पदयात्रा हीरा होटल के पास से निकाली गई। दोनों पदयात्राओं में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। उमड़े जनसैलाब ने क्षेत्र में एनडीए के प्रति बढ़ते जनसमर्थन का संकेत दिया. पदयात्रा के दौरान सरयू राय ने न्यू पुरुलिया रोड स्थित दुकानों पर जाकर दुकानदारों से मुलाकात की और एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि मानगो का समग्र विकास तभी संभव है जब व्यापार, रोजगार और बुनियादी नागरिक सुविधाओं को समान रूप से प्राथमिकता दी जाए।
इसके बाद विधायक ने डाइगुट्टू, दीपसाही कॉलोनी, पोस्ट ऑफिस रोड और गौड़ बस्ती समेत विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मानगो की जनता मेयर का चुनाव करेगी, न कि “मेयर पति” का। उन्होंने कहा कि एक ही व्यक्ति का सांसद, विधायक, मंत्री और अब मेयर बनने की महत्वाकांक्षा रखना उचित नहीं है. उन्होंने कहा, “मानगो की जनता अब पुराने और घिसे-पिटे चेहरों को नहीं, बल्कि नए, योग्य और सक्षम नेतृत्व को अवसर देना चाहती है। नई पीढ़ी को आगे आने का मौका मिलना चाहिए।”
सरयू राय ने दावा किया कि वे स्वयं घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं और एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में लगातार जनसमर्थन बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल स्थानीय निकाय का नहीं, बल्कि विचारधारा की भी लड़ाई है। पदयात्रा में जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, आशुतोष राय, अजय कुमार, भाजपा नेता नीरज सिंह, पप्पू सिंह, जदयू युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज सिंह, अमृता मिश्रा, राजीव कुमार सिंह, संतोष भगत, नवीन गौड़, अशोक गौड़, राजू सिंह, राघवेन्द्र प्रताप सिंह सहित सैकड़ों भाजपा-जदयू कार्यकर्ता मौजूद रहे।
