जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित टाटा मोटर्स के रीजनल सेल्स ऑफिस (आरएसओ) गेट के भीतर मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब बोरिंग कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। काम के दौरान उपयोग में लाया जा रहा ट्राइपॉड अचानक असंतुलित होकर गिर पड़ा। इसकी चपेट में आने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान राम बिहारी दास (55) के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के निवासी थे। वहीं घायल मजदूर गौरी हरी मेती, पश्चिम बंगाल के मिदनापुर का रहने वाला है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा है।
बताया जाता है कि दोनों मजदूर टेल्को के खड़ंगाझार इलाके में किराये के मकान में रहकर टाटा मोटर्स के ठेकेदार आरआर महतो के अधीन कार्य कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरएसओ गेट के भीतर बोरिंग का कार्य जारी था। इसी दौरान मशीन से जुड़ा ट्राइपॉड अचानक असंतुलित होकर गिर पड़ा और मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
हादसे के तुरंत बाद अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने राम बिहारी दास को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। देर रात तक परिजन थाना पहुंच गए, जिसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दुर्घटना आरएसओ परिसर के अंदर हुई है, फैक्ट्री परिसर में नहीं। घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। कंपनी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
बड़ा सवाल…….
औद्योगिक प्रतिष्ठान के भीतर सुरक्षा मानकों की क्या स्थिति है? क्या सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन हो रहा था? इस दर्दनाक हादसे ने कार्यस्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही की पड़ताल जारी है।
