सरायकेला-चांडिल : लुपुंगडीह, चांडिल स्थित नारायण प्राइवेट आईटीआई परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक सह भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य डॉ. जटाशंकर पांडे ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. जटाशंकर पांडे ने कहा कि महात्मा गांधी सत्य, अहिंसा और नैतिकता के प्रतीक थे। उन्होंने अपने आदर्शों और सिद्धांतों के बल पर देश को स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गांधीजी का संपूर्ण जीवन सादगी, त्याग और मानवता की सेवा को समर्पित रहा।
उन्होंने कहा कि सत्याग्रह और अहिंसा के माध्यम से महात्मा गांधी ने न केवल भारत को आज़ादी दिलाई, बल्कि पूरे विश्व को शांति, सह-अस्तित्व और भाईचारे का मार्ग भी दिखाया। आज के समय में भी उनके विचार उतने ही प्रासंगिक हैं।
डॉ. पांडे ने युवाओं से आह्वान किया कि वे महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में सत्य, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को अपनाएं। यही राष्ट्रपिता को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस मौके पर संस्थान के शिक्षकगण, एडवोकेट निखिल कुमार, प्राचार्य जयदीप पांडे सहित शांति राम महतो, प्रकाश महतो, शुभम साहू, पवन महतो, भगत लाल तेली, शशि प्रकाश महतो, संजीत महतो, अजय मंडल, गौरव महतो, कृष्णा पद महतो सहित कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन दो मिनट के मौन रखकर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ किया गया।
