जमशेदपुर/देहरादून : देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र स्थित सिल्वर सिटी मॉल में 13 फरवरी को हुए गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में जमशेदपुर के बागबेड़ा निवासी राजकुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है। देहरादून पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई है। बताया जा रहा है कि सोमवार तक पुलिस इस पूरे हत्याकांड का बड़ा खुलासा कर सकती है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, राजकुमार सिंह पर आरोप है कि उसकी यूपीआई आईडी से हरिद्वार में शूटिंग में इस्तेमाल बाइक की बुकिंग का भुगतान किया गया था। इसी आधार पर जांच टीम उसके करीब पहुंची और गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।
जानकारी के मुताबिक, राजकुमार सिंह का बेटा यशराज सिंह भी इस हत्याकांड में शामिल बताया जा रहा है। यशराज सिंह रेलवे में ठेकेदारी का काम करता है। आरोप है कि उसी ने शूटर्स को पैसे भेजे और घटना के बाद उनके फरार होने के लिए वाहन समेत अन्य व्यवस्थाएं कराई थीं।
इस मामले में देहरादून पुलिस ने दुमका जेल में बंद गैंगस्टर अखिलेश सिंह से भी पूछताछ की है। बताया जाता है कि विक्रम शर्मा को अखिलेश सिंह का करीबी माना जाता था, जिसके बाद पुलिस आपसी गैंगवार और साजिश के एंगल से भी जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस बागबेड़ा निवासी आशुतोष कुमार सिंह, आकाश प्रसाद और विशाल सिंह की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।
