जमशेदपुर : देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल में हुए चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है। मृतक की पत्नी सोनिया शर्मा ने अपने देवर अरविंद शर्मा पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए डालनवाला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

सोनिया शर्मा ने आरोप लगाया है कि अरविंद शर्मा अक्सर संपत्ति को लेकर विक्रम शर्मा से विवाद करता था। उन्होंने कहा कि अरविंद पिछले कुछ वर्षों से काशीपुर स्थित अमृत स्टोन क्रशर पर पहुंचकर मजदूरों और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज व धमकी देता था। यहां तक कि वह कर्मचारियों के बीच विक्रम शर्मा को “जल्द निपटा देने” की बात भी कहता था।
शिकायत में उल्लेख है कि 13 फरवरी को उन्हें सूचना मिली कि उनके पति को गोली लगी है। वह तत्काल मैक्स अस्पताल पहुंचीं, जहां चिकित्सकों ने विक्रम शर्मा को मृत घोषित कर दिया। सोनिया के अनुसार, घटना के बाद वह मानसिक रूप से आहत थीं, लेकिन होश में आने के बाद उन्होंने अपने परिचित अखिलेश सिंह से थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कही।
उन्होंने यह भी बताया कि विक्रम शर्मा ने पूर्व में 19 फरवरी 2025 को बाजपुर दोराहा थाना में अरविंद शर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बावजूद उसकी गतिविधियों में कोई कमी नहीं आई। सोनिया का आरोप है कि अरविंद शर्मा ने आपराधिक तत्वों से संबंध बनाकर हत्या की योजना तैयार की थी और झारखंड सहित अन्य स्थानों पर उसकी आवाजाही संदिग्ध रही है. इधर, पुलिस ने विक्रम शर्मा की हत्या के बाद अरविंद शर्मा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। तीन दिनों की पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल उसके खिलाफ ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं, हालांकि वह जांच के दायरे में है और उस पर नजर रखी जा रही है।
बताया जाता है कि मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। वहीं, जांच के सिलसिले में एसटीएफ की टीम ने भी सक्रियता बढ़ा दी है और संबंधित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों और आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और परिजनों की मांग है कि मामले का शीघ्र खुलासा किया जाए।
