हजारीबाग : खुद को ACB का अफसर बताकर ब्लैकमेल करने वाले गैंग को पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने इस मामले में गैंग के चार आरोपियों को हजारीबाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से डुप्लीकेट आईकार्ड, चार जोड़े जूते और नंबर प्लेट पर एंटी करप्शन ब्यूरो लिखा एक वाहन जब्त किया है. इसकी पुष्टि एडिशनल एसपी अमित आनंद ने की है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में हजारीबाग के खिरगांव निवासी नंदुवीर राम, बोकारो जिला के गोमिया थाना क्षेत्र निवासी महेश कुमार पासवान, चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के द्ववारी निवासी अयोध्या नारायण पासवान, हजारीबाग के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिलवार निवासी धनेश्वर राम शामिल है।

हजारीबाग के एडिशनल एसपी अमित आनंद ने बताया कि शिकायत मिली थी कि 9 सितंबर 2025 की शाम जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के ग्राम डांटो खुर्द में चार पहिया वाहन में सवार चार व्यक्ति खुद को एसीबी का अधिकारी बताकर दो मेडिकल स्टोर में छापेमारी की बात कहकर लाइसेंस चेक करने के नाम पर दुकानदारों से 10-10 हजार रुपये की वसूली कर रहे थे।
आरोपियों ने फॉर्मल कपड़े पहने रखे थे, गले में नकली पहचान पत्र और पुलिस की तरह पैरों में लाल जूते थे. साथ ही आरोपियों की गाड़ी पर एंटी करप्शन ब्यूरो का बोर्ड भी लगा हुआ था। ग्रामीणों को जब शक हुआ तो उन्होंने पूछताछ शुरू की, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपियों के पास से 2500 रुपये कैश के अलावे नेम प्लेट और फर्जी आईडी कार्ड बरामद हुआ है।
