हजारीबाग : हजारीबाग जिले में जंगली हाथियों के बढ़ते उत्पात ने ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल बना दिया है। बीते तीन दिनों के भीतर जंगली हाथियों के हमले में दो ग्रामीणों की मौत हो चुकी है। ताजा मामला शुक्रवार अहले सुबह कटकमदाग प्रखंड के बनहा गांव से सामने आया जहां एक जंगली हाथी ने किसान को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान गणेश गोप के रूप में हुई है। इससे पहले बुधवार रात दारू रेंज क्षेत्र में भी इसी तरह की एक दर्दनाक घटना हो चुकी है।

घटना पर एक नजर……
ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया हुआ था। इसी दौरान किसान गणेश गोप रोजमर्रा के काम से तालाब की ओर गए थे। तभी अचानक इलाके में घूम रहे जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी के हमले से गणेश गोप को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
पहले भी हो चुकी है घटना…..
इससे पहले चुटियारो गांव में बुधवार देर रात करीब 11 बजे एक झुंड से बिछड़ा जंगली हाथी टमाटर के खेत में जा पहुंचा। खेत में सो रहे किसान आदित्य राणा को हाथी ने कुचलकर मार डाला। इस हमले में उनकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं, जिनका इलाज जारी है। यह घटना इलाके में हाथियों की बढ़ती आवाजाही का स्पष्ट संकेत मानी जा रही है।
वन विभाग को दी गई थी सूचना……
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड घूम रहा है। इसकी जानकारी कई बार वन विभाग को दी गई थी, लेकिन आरोप है कि हाथियों को नियंत्रित करने या गांवों से दूर रखने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लगातार हो रही घटनाओं के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है।
वन विभाग के अधिकारी का क्या कहना है कि…….
हजारीबाग प्रक्षेत्र के वन क्षेत्र पदाधिकारी सतेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि पीड़ित परिवार को दाह संस्कार के लिए तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीम मौके पर सक्रिय है और हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और हाथियों के करीब न जाएं।
