- रूटलाइन से मंदिर प्रांगण तक हर हर महादेव की गूंज, सुव्यवस्थित जलार्पण
देवघर : महाशिवरात्रि के अवसर पर आज का दिन बाबा नगरी के लिए विशेष बन गया। बाबा मंदिर प्रांगण, आसपास के इलाकों और रूटलाइन में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंजायमान रहा। अहले सुबह से बीएड कॉलेज, तिवारी चौक, शिवरामझा चौक, नेहरू पार्क और क्यू कॉम्प्लेक्स होते हुए श्रद्धालु कतारबद्ध तरीके से आगे बढ़ते दिखे और सुगम रूप से जलार्पण करते रहे। महाशिवरात्रि पर अप्रत्याशित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले से ही व्यापक तैयारियां कर रखी थीं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया, ताकि दर्शन और जलार्पण के बाद भक्त संतोष और शांति की अनुभूति के साथ अपने गंतव्य की ओर लौट सकें। मंदिर प्रांगण और आसपास के क्षेत्रों में सूचना केंद्र, शौचालय और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी।
भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की गई और जगह जगह दंडाधिकारी तथा पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति रही। प्रशासन की ओर से महाशिवरात्रि के दिन वीआईपी और आउट ऑफ टर्न दर्शन पर पूर्ण रोक लगाई गई थी। प्रतिनियुक्त टीमों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि कहीं भी अफरातफरी या भागदौड़ की स्थिति न बने। सरकारी पूजा के बाद सुबह 04:30 बजे से श्रद्धालुओं के जलार्पण के लिए बाबा बैद्यनाथ धाम का पट खोला गया, जिसके बाद दर्शन की रफ्तार और तेज हो गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर, जिला खेल पदाधिकारी सहित प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मौके पर मौजूद रहे और पूरी व्यवस्था पर नजर बनाए रखी। दिन भर बाबा धाम में श्रद्धा, अनुशासन और भक्ति का संगम देखने को मिला।
