रामगढ़ : भूरकुंडा ओपी क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। भूरकुंडा पुलिस ने चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो कुख्यात पांडे गिरोह से ताल्लुक रखते हैं। ये अपराधी रंगदारी, लेवी वसूली, हत्या और नशे के धंधे में शामिल रहे हैं। पुलिस ने इन अपराधियों के पास से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है। बताया जा रहा है कि ये अपराधी जुबली कॉलेज परिसर में चल रहे भवन निर्माण कार्य में धमकी देकर रंगदारी मांग रहे थे।

रामगढ़ एसपी की अगुवाई में एक विशेष टीम ने गिद्दी (हजारीबाग जिला) और भूरकुंडा में जाल बिछाकर इन अपराधियों को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद इन अपराधियों को हथकड़ी लगाकर भूरकुंडा बाजार में पैदल घुमाया गया, जिससे जनता को यह संदेश दिया जा सके कि अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में दहशत फैलाने वाले पांडे गिरोह को बड़ा झटका लगा है। भूरकुंडा ओपी क्षेत्र में अपराधियों की धरपकड़ से आम लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।
