गढ़वा : बुधवार को गढ़वा सदर अस्पताल में एक डॉक्टर की पत्नी ने आत्महत्या कर ली. घटना अस्पताल परिसर स्थित डॉक्टर के आवास पर घटी. इससे पूरे अस्पताल में सनसनी फैल गई. घटना के वक्त महिला के पति अपनी ड्यूटी में व्यस्त थे और ओपीडी में मरीजों को देख रहे थे. जानकारी के मुताबिक, गढ़वा सदर अस्पताल के डॉक्टर तरुण अपनी ड्यूटी में व्यस्त थे. उनके आवास पर उनके परिवार के कुछ सदस्य भी आए हुए थे. जब डॉक्टर अपनी ड्यूटी समाप्त कर अपने आवास पर लौटे, तो देखा कि दरवाजा अंदर से बंद है. उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई.
जब कोई प्रतिक्रिया नहीं आई तो डॉक्टर ने सबसे पहले सिविल सर्जन को सूचना दी और फिर पुलिस को बुलाया. पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़ा गया. जब अंदर का नजारा देखा तो सभी दंग रह गए. डॉक्टर तरुण की पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी. आनन-फानन में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. समाजसेवी दौलत सोनी भी मौके पर पहुंचे और इस घटना पर गहरा दुख जताया.
घटना के कारणों का स्पष्ट रूप से खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. अस्पताल कर्मियों और परिजनों में मातम का माहौल है. डॉक्टर तरूण सदर अस्पताल के कुशल चिकित्सक माने जाते हैं. पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है. प्रशिक्षु डीएसपी चिंरजीवी ने बताया कि सदर अस्पताल के सरकारी आवास परिसर में आत्महत्या की खबर मिली थी, जिसके बाद हमने शव को अपने कब्जे में ले लिया है, आगे की प्रक्रिया की जा रही है.