जमशेदपुर : मुंबई पुलिस ने जमशेदपुर के आजादनगर इलाके से मोनाजिर खान को गिरफ्तार किया है। मोनाजिर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के एक एजेंट के लिए नकली पासपोर्ट बनाने का आरोप है। मोनाजिर ‘एशियन इंटरनेशनल’ नाम से पासपोर्ट और वीजा से संबंधित एक कार्यालय चलाता था। पुलिस ने उसके कार्यालय से कम्प्यूटर, हार्ड डिस्क, और कई संदिग्ध दस्तावेज जब्त किए हैं। जांच में पता चला है कि मोनाजिर डिजिटल तकनीक में माहिर था और उसने उन्नत सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर ऑनलाइन फर्जी पासपोर्ट फार्म प्रोसेस किए थे।

यह मामला मुंबई पुलिस की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट (CIU) की जांच का हिस्सा है, जो फर्जी BARC वैज्ञानिक अख्तर हुसैन कुतुबुद्दीन अहमद नामक शख्स से जुड़ा हुआ है। मोनाजिर ने अख्तर के लिए फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, आधार कार्ड और बीएआरसी आईडी कार्ड बनाए थे। मोनाजिर को 26 अक्टूबर को गिरफ्तार कर मुंबई ले जाया गया है।
पुलिस ने बताया कि मोनाजिर और उसके परिवार ने पिछले पांच वर्षों में करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की है, जिनमें महंगी कारें, आलीशान मकान और जमीनें शामिल हैं। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि फर्जी पासपोर्ट के जरिए किन-किन लोगों को विदेश भेजा गया और क्या ये नेटवर्क किसी आतंकी संगठन से जुड़ा है।
