लोहरदगा : इमरजेंसी केयर लोहरदगा के तत्वावधान में वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन झारखंड एवं ब्लड सेंटर लोहरदगा के संयुक्त प्रयास से फेडरेशन ऑफ वॉलंटरी ब्लड डोनर्स ऑर्गेनाइजेशन का द्वितीय राज्य सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दो दिवसीय इस राज्य स्तरीय सम्मेलन का उद्घाटन लोहरदगा के उप विकास आयुक्त दिलीप सिंह शेखावत सहित कई गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह में इमरजेंसी केयर के संरक्षक एवं गुमला के सिविल सर्जन डॉ. शंभू नाथ चौधरी, समाजसेवी मनिंद्र उरांव, आजादशत्रु, ब्लड सेंटर लोहरदगा के प्रभारी विनीत होरो, वीवीडीए झारखंड के संस्थापक अध्यक्ष सुनील मुखर्जी, महासचिव कमल कुमार घोष, इमरजेंसी केयर के सजल कुमार एवं देशराज गोयल उपस्थित रहे।


सम्मेलन के दौरान पूरे झारखंड में स्वैच्छिक एवं सुरक्षित रक्तदान को बढ़ावा देने, रक्त संबंधी आनुवंशिक बीमारियों जैसे थैलेसीमिया एवं सिकल सेल एनीमिया की रोकथाम, ब्लड सेंटरों को और अधिक सशक्त बनाने तथा आमजन में रक्तदान के प्रति जागरूकता और भागीदारी बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही ब्लड डोनेशन मोटिवेशन एवं प्रशिक्षण पर भी विशेष सत्र आयोजित किए गए।
सम्मेलन में जमशेदपुर से रक्तदान आंदोलन के प्रणेता सुनील मुखर्जी के नेतृत्व में कमल कुमार घोष, अनूप श्रीवास्तव, नरेंद्र कुमार, डौली चटर्जी एवं शिवानी दत्ता सहित छह सदस्यीय टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में टीम लोहरदगा के सजल कुमार एवं देशराज गोयल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस सम्मेलन में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, लोहरदगा, रांची, हजारीबाग, रामगढ़, गढ़वा, पलामू एवं लातेहार समेत कई जिलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
सम्मेलन के समापन अवसर पर घोषणा की गई कि अगला राज्य सम्मेलन नवंबर माह में पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में आयोजित किया जाएगा।
