जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए 23 फरवरी को होने वाले मतदान से ठीक एक दिन पहले चुनावी समीकरणों में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। अध्यक्ष पद की प्रत्याशी निलुफर हुसैन ने झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान की पत्नी नोशीन खान के समर्थन में खुले तौर पर वोट देने की अपील कर दी है। निलुफर हुसैन के इस कदम ने चुनावी मैदान में मौजूद अन्य प्रत्याशियों की चिंता बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार, निलुफर हुसैन ने नामांकन वापस नहीं लिया था और नामांकन के बाद लगातार ताबड़तोड़ प्रचार में जुटी हुई थीं। वह हाल ही में स्वयं उपायुक्त कार्यालय पहुंची थीं, जहां उन्होंने जुगसलाई क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती की मांग करते हुए शिकायत भी दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि मुस्लिम बहुल इलाकों में कुछ वर्ग विशेष के लोगों द्वारा मतदाताओं को डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है।
रविवार शाम को निलुफर हुसैन ने हिदायतुल्लाह खान के साथ बैठक के बाद यह घोषणा की कि वह “कौम की खातिर” नोशीन खान का समर्थन कर रही हैं, ताकि समुदाय का प्रतिनिधि अध्यक्ष पद तक पहुंच सके। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे नोशीन खान को विजयी बनाएं।
निलुफर हुसैन के समर्थन के बाद मुस्लिम समुदाय में अब हिदायतुल्लाह खान और उनकी पत्नी नोशीन खान को एक मजबूत विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, चुनावी मैदान में अभी भी कई प्रत्याशी डटे हुए हैं, जिससे मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है। मतदान से पहले आई इस राजनीतिक पलटी ने जुगसलाई नगर परिषद चुनाव को और अधिक रोचक बना दिया है।
