रांची : झारखंड में 48 शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए मतदान की अर्हता रखने वाले मतदाताओं में 62 प्रतिशत से सोमवार को अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी की एक घटना में दो लोगों के घायल होने सहित हिंसा के मामलों के अलावा राज्य में मोटे तौर पर चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक संपन्न हुआ। मतगणना 27 फरवरी को होगी। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के सचिव राधे श्याम प्रसाद ने कहा, ‘कुल 62 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान शांतिपूर्ण रहा।
उन्होंने बताया कि सरायकेला नगर पंचायत में सबसे अधिक 74.86 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि रांची नगर निगम में सबसे कम 43.35 प्रतिशत मतदान हुआ, उसके बाद धनबाद नगर निगम में 46.98 प्रतिशत मतदान हुआ। इस चुनाव में 43 लाख से अधिक मतदाताओं ने 6,000 से अधिक उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर दिया। अधिकांश मतदान केंद्रों पर मतदाताओं, विशेषकर महिलाओं की लंबी कतारें देखी गई। हालांकि, दो प्रमुख नगर निगम क्षेत्रों रांची और धनबाद में कम मतदान दर्ज किया गया।
राज्य के कुछ हिस्सों से अराजकता और मामूली झड़पों की खबरें मिलीं। गिरिडीह जिले के टाउन पुलिस थाना क्षेत्र के एक बूथ पर दो उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। हालांकि, पुलिस ने हालात पर काबू पा लिया। जिले के आजाद नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर 18 में गोलीबारी की एक घटना घटी, जिसमें दो लोग घायल हो गए।
गिरिडीह के उपायुक्त राम निवास यादव ने बताया, आज़ाद नगर इलाके में गोलीबारी की घटना हुई जिसमें दो लोग घायल हो गए। हालांकि, यह घटना शाम पांच बजे मतदान समाप्त होने के बाद हुई। मतदान प्रक्रिया में कोई बाधा नहीं आई। हम घटना की जांच करेंगे और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बोकारो जिले के चास नगर निगम क्षेत्र के बूथ नंबर 32 पर मामूली झड़प की सूचना मिली, जबकि रांची में हिंदपीढी क्षेत्र में प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच हाथापाई हुई। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि 48 शहरी स्थानीय निकायों में महापौर और अध्यक्षों के पदों के लिए तथा नौ नगर निगमों, 20 नगर परिषदों और 19 नगर पंचायतों के 1,042 वार्ड में पार्षदों के पदों के लिए चुनाव हो रहे हैं।
महापौर और अध्यक्ष के पदों के लिए 235 महिलाओं सहित कुल 562 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि वार्ड पार्षदों के पदों के लिए 2,727 महिलाओं सहित 5,562 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। प्रसाद ने कहा कि सभी बूथ पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। चुनाव के लिए कुल 4,307 मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे। इनमें से 896 को अति संवेदनशील और 2,445 को संवेदनशील के रूप में चिह्नित किया गया था।
