रांची : राज्य में प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव को देखते हुए झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने 11वीं, 12वीं, 8वीं और 9वीं कक्षाओं की परीक्षाओं की तिथियों में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। परिषद ने अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी कर सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों और परीक्षार्थियों को संशोधित कार्यक्रम की जानकारी दे दी है।
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 23 फरवरी को मतदान और 27 फरवरी को मतगणना प्रस्तावित है। विद्यालय भवनों, शिक्षकों और प्रशासनिक संसाधनों की चुनाव ड्यूटी में व्यस्तता को ध्यान में रखते हुए परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन किया गया है, ताकि परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
जैक ने इंटरमीडिएट परीक्षा के कार्यक्रम में आंशिक परिवर्तन किया है। विज्ञान और वाणिज्य संकाय की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित पाली में ही आयोजित होंगी, जबकि कला संकाय की परीक्षाएं द्वितीय पाली में ली जाएंगी। इंटरमीडिएट का हिंदी विषय, जो पहले 23 फरवरी को होना था, अब 24 फरवरी को द्वितीय पाली (दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक) आयोजित किया जाएगा।
वहीं 11वीं कक्षा की परीक्षाएं अब 25, 26 और 28 फरवरी को होंगी…
नगर निकाय चुनाव के मद्देनज़र 8वीं और 9वीं कक्षा की परीक्षाएं फरवरी से बढ़ाकर मार्च में कर दी गई हैं। कक्षा 8वीं की परीक्षा 2 मार्च को दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जबकि 9वीं की परीक्षा 6 और 7 मार्च को होगी। जैक ने स्पष्ट किया है कि मैट्रिक (10वीं) की परीक्षा 17 फरवरी को ही समाप्त हो रही है, इसलिए चुनाव का उस पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा और 10वीं के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
परीक्षा तिथियों में बदलाव से विद्यार्थियों और अभिभावकों की आशंकाएं दूर हुई हैं। परिषद का कहना है कि यह निर्णय परीक्षा को सुचारू और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से लिया गया है, ताकि चुनाव और परीक्षा दोनों प्रक्रियाएं बिना किसी व्यवधान के पूरी हो सकें।
