रांची : रांची के मेन रोड इलाके से गुरुवार देर रात एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। शहर के प्रसिद्ध बिल्डर और जेडी हाई स्ट्रीट मॉल के मैनेजिंग डायरेक्टर 45 वर्षीय अनुराग सरावगी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, उन्होंने ब्लेयर अपार्टमेंट की छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली।
तेज आवाज से मची अफरा-तफरी
बताया जा रहा है कि देर रात अचानक अपार्टमेंट परिसर में एक तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले तो देखा कि एक व्यक्ति नीचे जमीन पर गंभीर हालत में पड़ा हुआ है। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही हिंदपीढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि घायल व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान प्रसिद्ध बिल्डर अनुराग सरावगी के रूप में की गई।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हर पहलू से जांच कर रही है।
पारिवारिक विवाद की आशंका
फिलहाल आत्महत्या के पीछे की ठोस वजह सामने नहीं आई है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मृतक के परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की असल वजह का पता लगाया जा सके।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों पर स्पष्ट तस्वीर सामने आ पाएगी।
