रांची। वामपंथी उग्रवाद के उन्मूलन के उद्देश्य से वर्ष 2008 में गठित विशेष बल झारखण्ड जगुआर का 18वां स्थापना दिवस टेन्डर ग्राम स्थित प्रांगण में पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखण्ड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने भव्य परेड की सलामी ली। इस अवसर पर झारखण्ड जगुआर के कमांडो दस्ते ने नक्सलियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों का प्रभावशाली प्रदर्शन भी किया।


पिछले 18 वर्षों में उग्रवाद उन्मूलन की दिशा में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए इस विशेष बल ने राज्य में शांति एवं विकास की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस दौरान नक्सल विरोधी अभियानों में 24 वीर जवानों और पदाधिकारियों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए अपने प्राणों की आहुति दी।डीजीपी ने राज्य की शांति और उन्नति के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी वीर शहीद जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके त्याग को सदैव स्मरणीय बताया।
