रांची : राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कचहरी चौक के पास सोमवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। किन्नरों से मारपीट और उन्हें गाड़ी से कुचलने के आरोपियों ने पुलिस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पुलिस वाहन को कई बार टक्कर मारी, जिसके बाद पुलिस को आत्मरक्षा में 11 राउंड फायरिंग करनी पड़ी। इस दौरान एक आरोपी को गोली लगी, जबकि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात करीब तीन बजे कचहरी चौक के समीप दो युवक एक बोलेरो वाहन से किन्नरों के साथ शराब पी रहे थे। किसी बात को लेकर विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने किन्नरों को वाहन से उतारकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान बोलेरो को आगे-पीछे कर एक किन्नर को कुचल दिया गया, जिससे उसका पैर टूट गया। विरोध करने पर अन्य युवकों के साथ भी मारपीट की गई।
घटना के दौरान आरोपियों ने एक घायल युवक को जबरन अगवा कर बोलेरो की डिक्की में डाल दिया और फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने पीछा किया, लेकिन आरोपियों ने भागने के दौरान पुलिस वाहन को दो बार जोरदार टक्कर मारी। पुलिसकर्मियों को कुचलने का भी प्रयास किया गया, जिसमें एक अंगरक्षक हवलदार घायल हो गया।
मांडर की ओर भाग रही बोलेरो को पुलिस ने घेराबंदी कर रोकने की कोशिश की। आरोपियों को सरेंडर करने की चेतावनी दी गई, लेकिन उन्होंने भागने का प्रयास जारी रखा। मजबूरन पुलिस ने वाहन के टायर को निशाना बनाकर फायरिंग की। इस दौरान एक गोली चालक इश्तियाक अंसारी (25) की कमर में जा लगी, जिससे वह घायल हो गया। वाहन रुकते ही पुलिस ने चालक इश्तियाक अंसारी और उसके साथी गुरफान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया।
घायल इश्तियाक को पहले सदर अस्पताल और फिर रिम्स रेफर किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बोलेरो वाहन बरामद कर लिया है, जिसमें करीब सात गोलियों के निशान पाए गए हैं।
सिटी एसपी ने बताया कि घायल आरोपी इश्तियाक अंसारी का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। आरोपियों के खिलाफ दंगा करने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, आर्म्स एक्ट, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
