राँची : अनगड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम सीताडीह में अवैध रूप से हथियार निर्माण और बिक्री की खबर पर राँची पुलिस ने 6 फरवरी को सायं 6:40 बजे कड़ी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, राँची के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं पुलिस निरीक्षक अनगढ़ा के नेतृत्व में गठित टीम ने प्राप्त सूचना का सत्यापन करते हुए ग्राम सीताडीह में नारायण लोहरा के आवास पर छापामारी की।
तलाशी के दौरान नारायण लोहरा ने अवैध हथियार निर्माण एवं बिक्री की बात स्वीकार की। उनके बताए अनुसार, उनके घर से 10 निर्मित सिंगल बैरल बंदूकें, घर के पीछे एल्वेस्टर के नीचे छुपाए गए 9 सिंगल बैरल, 4 अर्धनिर्मित अग्नेयास्त्र तथा अग्नेयास्त्र बनाने वाले उपकरण जब्त किए गए। वैध कागजात प्रस्तुत करने के लिए कहने पर आरोपी कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया। इस संबंध में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कांड दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई राँची पुलिस की सक्रियता और प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जो जिले को अपराधमुक्त बनाने हेतु निरंतर प्रयासरत है।
