बिलासपुर। बच्चों और युवाओं को नशीली दवाओं और इंजेक्शन देकर नशा करवाने वाले दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन, नाइट्रा टैबलेट और संबंधित सामग्री जब्त की गई। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। सीएसपी कोतवाली गगन कुमार ने बताया कि जूना बिलासपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति बच्चों को नशीले इंजेक्शन देकर उन्हें नशे का आदी बना रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली और तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अमन विश्वकर्मा उर्फ टेंगा (25) बताया।
अमन के पास तलाशी के दौरान 400 नग एविल इंजेक्शन शीशी, ब्यूप्रेनोर्फिन और नालोक्सोन टैबलेट, इंजेक्शन लगाने वाली सिरिंज, नशीली दवाओं की खाली शीशियां और 700 रुपए कैश बरामद हुए। मौके पर पुलिस को देखकर कुछ नाबालिग बच्चे भाग निकले। पुलिस अब आरोपी के संपर्क में रहे अन्य लोगों और नशीली दवाओं की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। कोतवाली टीआई देवेश सिंह ने बताया कि आरोपी इन इंजेक्शनों और दवाओं को मिलाकर नाबालिग बच्चों को नशा कराने की कोशिश कर रहा था। यह कृत्य स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है। आरोपी के खिलाफ धारा 77 जेजे एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धारा 123, 275, 286 के तहत मामला दर्ज किया गया।
एक अन्य मामले में गांधी चौक स्थित मिनी स्टेडियम वाली गली के पास नशीली दवाइयां बेचने की फिराक में घूम रहे एक संदिग्ध युवक को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रिंस बोले (20), निवासी नया पारा दयालबंद बताया। उसके पास से नाइट्राजेपाम टैबलेट की 9 स्ट्रिप यानी 90 टैबलेट, 240 रुपए कैश और एक मोबाइल बरामद किया गया। आरोपी नशीली दवाइयों के विक्रय से जुड़ा कोई वैध चिकित्सकीय दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके चलते उसके खिलाफ धारा 21, 22, 29
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। कोतवाली पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध जानकारी की तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने चेतावनी दी कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। इस कार्रवाई से यह संदेश गया कि बिलासपुर पुलिस नाबालिगों को नशीली दवाओं और अवैध मादक पदार्थों से सुरक्षित रखने के लिए सतर्क है और किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं करेगी।
