जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित गोलमुरी बाजार में देर रात अखाड़ा विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया और देखते ही देखते मामला खूनी झड़प में बदल गया। श्री श्री गोलमुरी बजरंग अखाड़ा से जुड़े दो पक्षों के बीच हुए इस टकराव में लाठी-डंडे, कुर्सी और तलवार तक चल गई, जिसमें महिलाओं सहित कुल 6 लोग घायल हो गए।



मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ अखाड़ा के लाइसेंस और मंदिर परिसर में लगी एक तस्वीर को लेकर बताई जा रही है। बताया गया कि अखाड़ा का लाइसेंस आलोक के दादा स्वर्गीय काली चरण के नाम पर था, जिनकी तस्वीर मंदिर में लगी हुई थी। आरोप है कि किसी ने उक्त तस्वीर को हटा दिया, जिस पर आलोक ने आपत्ति जताई और पूछताछ शुरू की।
इसी दौरान मंदिर कमेटी से जुड़े कुछ लोगों के साथ कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मनोज खत्री, विनोद खत्री, साहिल खत्री समेत अन्य लोग आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई।
इस दौरान लाठी-डंडों के साथ कुर्सियां और धारदार हथियार भी चले। झड़प इतनी उग्र थी कि महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी मारपीट की गई। घटना में तीन लोगों के सिर फटने की सूचना है, जबकि कुल 6 लोग घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को किसी तरह काबू में किया। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों के लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।



