नई दिल्ली : CJP के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने दिल्ली में 20 और अर्धसैनिक बलों की कंपनियां तैनात करने का निर्णय लिया है। सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती के बाद राजधानी में अब 50 से अधिक अर्धसैनिक बलों की कंपनियां मोर्चे पर तैनात रहेंगी।

इससे पहले पश्चिम बंगाल से CRPF की 20 कंपनियों को दिल्ली बुलाया गया था। अब अतिरिक्त कंपनियों की तैनाती के बाद दिल्ली के संवेदनशील इलाकों, प्रमुख सरकारी प्रतिष्ठानों और प्रदर्शन स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। सुरक्षा बलों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित तनावपूर्ण स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर रखा गया है।
राजधानी में तैनात किए गए अर्धसैनिक बलों में CRPF, RAF, BSF, ITBP और SSB के जवान शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा बलों की अलग-अलग टुकड़ियां तैनात की गई हैं। दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर अर्धसैनिक बलों के जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के कई इलाकों में पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है और सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था का पालन करने की अपील की गई है।
