जमशेदपुर : ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) की पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी की ओर से गुरुवार को साकची गोलचक्कर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने एसआईआर (SIR) प्रक्रिया और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध जताया तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान AIDSO के जिला अध्यक्ष सुबोध महाली ने आरोप लगाया कि देश में आम जनता की बुनियादी जरूरतों के साथ-साथ नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों पर भी लगातार दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका की आलोचना की। महाली ने दावा किया कि एसआईआर के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों के मताधिकार से वंचित होने की आशंका है, जिसका सबसे अधिक प्रभाव अल्पसंख्यक और वंचित समुदायों पर पड़ सकता है. उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल किसी अधिकारी को पद से हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों और जनहित की रक्षा से जुड़ा व्यापक संघर्ष है। उन्होंने बताया कि AIDSO की केंद्रीय परिषद की ओर से 3 से 15 अक्टूबर तक राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत एसआईआर प्रक्रिया के विरोध और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
वहीं, जिला सचिव शुभम कुमार झा ने कहा कि विभिन्न लोकतांत्रिक संगठनों की ओर से 10 अक्टूबर को दिल्ली में व्यापक जन आंदोलन का आह्वान किया गया है। उन्होंने लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले नागरिकों से आंदोलन में भाग लेने और सभी वर्गों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की. प्रदर्शन में AIDSO केंद्रीय परिषद के कोषाध्यक्ष शमशुल आलम, प्रदेश अध्यक्ष समर महतो, प्रदेश सचिव मंडली की सदस्य सोनी सेनगुप्ता, जिला सचिव शुभम कुमार झा, जिला अध्यक्ष सुबोध महाली, सविता सोरेन, झरना महतो, बबीता सोरेन, खुदीराम हसदा, अपूर्व महतो, अनिकेत रॉय, रोहित रॉय, मनीष महतो और रीमा मुंडा समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
