चांडिल। चांडिल थाना क्षेत्र के जमशेदपुर-रांची मार्ग और कांड्रा मार्ग क्रॉसिंग के समीप मंगलवार सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित टेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान छोटा गम्हरिया निवासी प्रेम महतो (20) के रूप में हुई है। घायल समीर दास को चांडिल अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद परिजन जमशेदपुर ले गए।

बताया गया कि छोटा गम्हरिया निवासी प्रेम महतो और समीर दास ने करीब एक सप्ताह पहले चांडिल पॉलीटेक्निक में दाखिला लिया था। दोनों बाइक से चांडिल आ रहे थे। इसी दौरान क्रॉसिंग के समीप तेज रफ्तार टेलर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में प्रेम महतो की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
क्रॉसिंग पर सुरक्षा इंतजाम नहीं होने का आरोप
स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घटनास्थल पर डिवाइडर, क्रॉसिंग सूचक और पर्याप्त सुरक्षा संकेतक नहीं लगाए गए हैं। सरायकेला-कांड्रा मार्ग को जोड़ने वाली क्रॉसिंग पर समुचित व्यवस्था नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी होती है। समाज सेवी अरुण बागड़िया ने कहा एनएचआई और निर्माण एजेंसी की लापरवाही से दुर्घटना हुई,साथ ही प्रशाशन से दुर्घटना संभावित स्थानों पर तत्काल सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।
इधर, चांडिल पुलिस ने टेलर संख्या NL-01-5754 को जब्त कर लिया है। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
