पटना : पुनपुन थाना क्षेत्र के बेहरावां चकिया में रविवार को हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने पहुंची पुलिस से बचने के दौरान पुनपुन नदी में छलांग लगाने वाले लोगों में से दो के शव सोमवार को बरामद किए गए। मृतकों की पहचान बेहरावां चकिया निवासी 70 वर्षीय रामू मांझी और फुलवारी थाना क्षेत्र के ढिबरा स्थित हसनपुरा निवासी टुनटुन मांझी के 16 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार के रूप में हुई है. दो लोगों के शव मिलने की सूचना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने नेवां के समीप बिहटा-सरमेरा एनएच-131जी को करीब पांच घंटे तक जाम रखा। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा।

थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप…..
ग्रामीणों ने पुनपुन थानाध्यक्ष पर मृतकों के साथ मारपीट करने के बाद उन्हें नदी में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने, रविवार को गिरफ्तार किए गए लोगों को बिना शर्त रिहा करने तथा मृतकों के परिजनों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की. ग्रामीणों का कहना था कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। सड़क जाम के कारण उत्पन्न स्थिति को देखते हुए पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।
