मुंबई : मुंबई पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। शहर में ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एंटी नारकोटिक्स सेल ने खार इलाके में छापेमारी कर एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 2.21 करोड़ रुपये कीमत की कोकीन और एमडीएमए (एक्स्टेसी) टैबलेट्स बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, एंटी-नारकोटिक्स सेल (एएनसी) की वर्ली यूनिट की टीम गश्त कर रही थी। शनिवार रात करीब 11:15 बजे टीम जब शर्ली राजन रोड, खार पश्चिम स्थित सी-सैंड बिल्डिंग के पीछे पहुंची, तभी एक अफ्रीकी मूल का व्यक्ति साइड बैग लेकर संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस वाहन देखते ही वह तेजी से निकलने लगा, जिसके बाद टीम ने उसे रोककर पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम इजे इजेकियल नजोकू (39) बताया। वह मूल रूप से नाइजीरिया का रहने वाला है और फिलहाल नालासोपारा में रह रहा था।


पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके बैग में कोकीन और एमडीएमए टैबलेट्स हैं और वह इन्हें ग्राहकों को बेचने आया था। तलाशी के दौरान बैग से कोकीन मिला, जिसका वजन 113 ग्राम पाया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 2.14 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा, बैग से 45 पीले रंग की एमडीएमए टैबलेट्स बरामद हुईं, जिनका वजन 24 ग्राम बताया गया है। इनकी कीमत 7.20 लाख रुपये है। पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद टैबलेट्स आयताकार आकार की थीं। एक तरफ ऑडी आरएस लिखा था, जबकि दूसरी ओर चार रिंग का निशान बना हुआ था। पुलिस को शक है कि इन्हें हाई-प्रोफाइल पार्टी सर्किट और युवाओं में सप्लाई किया जाता था। गिरफ्तार आरोपी के पास से नाइजीरिया कापासपोर्ट, वैध भारतीय वीजा और दो फोन भी बरामद हुए हैं। अब पुलिस मोबाइल डेटा, कॉल रिकॉर्ड, चैट और डिजिटल पेमेंट्स की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी किन ग्राहकों और सप्लायर्स से जुड़ा था। अधिकारियों के मुताबिक, गोरेगांव के नेस्को परिसर में हुई ड्रग्स पार्टी मामले के बाद पुलिस एलर्ट पर है। होटल, क्लब, पार्टी हब और पश्चिमी उपनगरों में निगरानी बढ़ाई गई है।

