देवघर। सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार तड़के 4:15 बजे जलार्पण शुरू होते ही कांवरियों की लंबी कतार करीब 9 किलोमीटर दूर कुमैठा स्टेडियम तक पहुंच गई। बोल बम के जयघोष से पूरा कांवरिया पथ गूंज उठा। जलार्पण शुरू होने के बाद कांवरिया उत्साह के साथ कतार में आगे बढ़ते रहे।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। उपायुक्त सौरभ भुवानिया ने बताया कि सभी मजिस्ट्रेट और संबंधित अधिकारियों को विशेष ब्रीफिंग दी गई है। इनपुट और एग्जिट प्वाइंट पर अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एसपी के दिशा-निर्देश पर एसडीएम समेत पूरी प्रशासनिक टीम समन्वय के साथ काम कर रही है।

उपायुक्त के अनुसार पिछली सोमवारी पर करीब 3 लाख 17 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया था। इस बार श्रद्धालुओं की संख्या 3 लाख 80 हजार से 4 लाख तक पहुंचने की संभावना है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं को धैर्य बनाए रखने और निर्धारित मार्ग से बाबा मंदिर की ओर बढ़ने की अपील की है। श्रद्धालुओं की वास्तविक संख्या और जलार्पण करने वालों का आंकड़ा दोपहर बाद जारी किया जाएगा।
