आदित्यपुर :आदित्यपुर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जारी मूसलधार बारिश का प्रभाव अब नदियों पर दिखने लगा है. जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी से बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील तटीय इलाकों का निरीक्षण किया.गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी निवेदिता, अंचल अधिकारी कुमार अरविंद बेदिया, आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, आरआईटी थाना प्रभारी विनय कुमार सहित अन्य अधिकारियों की टीम ने आसंगी, कुलुपटांगा, राधा स्वामी मार्ग, रायडीह बस्ती और जयप्रकाश उद्यान जैसे संभावित प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया.निरीक्षण के दौरान इन इलाकों में बढ़ते जलस्तर से उत्पन्न संभावित दुष्प्रभावों की वस्तुस्थिति को समझा गया और आवश्यक उपायों की समीक्षा की गई.बाढ़ से बचाव को लेकर शेल्टर होम की व्यवस्था और स्थिति की जांच की गई. एसडीएम निवेदिता ने जानकारी दी कि अभी तक नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो स्थिति बदल सकती है.नदी किनारे रहने वाले लोगों को माइकिंग के माध्यम से सतर्क किया जा रहा है. प्रशासन ने अपील की है कि लोग नदी के अधिक नजदीक न जाएं, और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में ऊंचे एवं सुरक्षित स्थानों पर शरण लें.
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
