चांडिल : चांडिल प्रखंड क्षेत्र के चांडिल-कांड्रा रोड की जर्जर एवं खस्ताहाल स्थिति को लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए प्रखंड कार्यालय तक पदयात्रा कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो-तीन वर्षों से चांडिल-कांड्रा सड़क की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और उड़ती धूल के कारण राहगीरों, स्कूली विद्यार्थियों, मरीजों तथा आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन्हीं समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने खुदीराम बोस चौक, चैनपुर से प्रखंड कार्यालय तक पदयात्रा निकाली। यह पदयात्रा सुबह 11 बजे से शुरू होकर दोपहर 2:30 बजे तक चली। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।


प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) की अनुपस्थिति में यह ज्ञापन चांडिल अंचल पदाधिकारी (CO) को सौंपा गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
ग्रामीणों की मुख्य मांगें इस प्रकार हैं:
- चांडिल-कांड्रा रोड के अधूरे मरम्मत कार्य को अविलंब पूरा किया जाए तथा निर्माण कार्य पूरा होने तक प्रतिदिन तीन बार पानी का छिड़काव किया जाए।
-
दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संवेदनशील स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं और निर्माण कार्य पूरा होने तक भारी वाहनों का आवागमन रोका जाए।
-
घनी आबादी वाले क्षेत्रों में 40 किमी प्रति घंटा की गति सीमा का साइन बोर्ड लगाया जाए।
-
चैनपुर मुख्य नहर पुल पर सुरक्षा के लिए रेलिंग लगाई जाए।
-
चैनपुर मुख्य नहर के संकरे पुल पर स्कूली बच्चों और राहगीरों के लिए फुटपाथ का निर्माण किया जाए।
आशुदेब महतो ने कहा कि सड़क की जर्जर हालत के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। प्रशासन को जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत करानी चाहिए। राकेश रंजन महतो ने कहा कि सड़क से उड़ने वाली धूल के कारण स्थानीय लोग, स्कूली बच्चे और मरीज काफी परेशान हैं। जब तक सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं होता तब तक नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाना चाहिए।
ज्योतिलाल महाली ने कहा कि चांडिल-कांड्रा रोड जिला मुख्यालय से जोड़ने वाली क्षेत्र की लाइफलाइन सड़क है। इसी रास्ते से लोग अस्पताल, स्कूल और प्रखंड कार्यालय जाते हैं, इसलिए इस सड़क का जल्द निर्माण होना बेहद जरूरी है। इस दौरान ग्रामीण आंदोलनकारी एकता मंच के सदस्य आशुदेब महतो, राकेश रंजन महतो, कृष्णा चंद्र महतो, नित्यानंद लायक, मनोरंजन कुम्भकार, जयदेव कुम्भकार, ज्योतिलाल महाली, सुबोधनी माहली (मुखिया रूदिया), धीरन गौड़, भुजंग माछुआ, कृष्णा कालिंदी, मंजू गोराई, बेबी दुबे,राजेश दुबे सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

