जमशेदपुर। बर्मामाइंस ईस्ट प्लांट बस्ती में पांच दिवसीय मां पहाड़ी पूजा महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मां पहाड़ी देवी को गोल पहाड़ी मंदिर से श्रद्धापूर्वक सिर पर उठाकर पूजा पंडाल तक लाया गया तथा विधि-विधान के साथ उनकी प्रतिमा स्थापित की गई। पूजा पंडाल का उद्घाटन मुख्य अतिथि अशोक गोयल, विधायक प्रतिनिधि नीरज सिंह, भाजपा नेता सतीश सिंह, मां पहाड़ी पूजा समिति के संरक्षक हरपाल सिंह, जदयू मंडल अध्यक्ष बबलू कुमार सिंह एवं आर.के. दुबे द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।



मां पहाड़ी पूजा समिति के अध्यक्ष दुर्गा राव ने बताया कि पूजा महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि शाम को मां पहाड़ी देवी का भव्य नगर भ्रमण निकाला जाएगा, जिसमें ईस्ट प्लांट बस्ती के महिला-पुरुष श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर शांतिपूर्ण ढंग से शोभायात्रा संपन्न कराएंगे। उन्होंने बताया कि 7 जून को दोपहर में महाप्रसाद भोग का वितरण किया जाएगा, जिसके लिए लगभग 12 से 15 हजार श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था की गई है। वहीं शाम को रायपुर से मंगाई गई विशेष धार्मिक झांकियों की आकर्षक प्रस्तुति होगी।
8 जून को सुहागिन महिलाओं द्वारा कुमकुम पूजा का आयोजन किया जाएगा, जबकि 9 जून को महाकुंभ भोग अर्पित किया जाएगा। इसके उपरांत शाम को मां पहाड़ी देवी की भव्य विदाई यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़े, रायपुर से आई विशेष झांकियां एवं आतिशबाजी के साथ मां पहाड़ी देवी को पुनः गोल पहाड़ी मंदिर पहुंचाया जाएगा। पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान का संचालन पुजारी के. कुमार राव द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में पूजा समिति के अध्यक्ष दुर्गा राव, महामंत्री हेमू राव, मां की मुख्य डाली उठाने वाले वेंकट राव तथा सदस्य मुन्नी, अमन, गोलू, प्रदीप, साईं, संतोष, मनी, अरुण, पदमा, अनु चौबे सहित समिति के अनेक सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
संवाददाता : सोहन साह



