जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को बाजार में शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 20 से 25 लोगों के समूह ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में मछुआ बस्ती निवासी कृष्णा मछुआ गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से उसे तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कृष्णा मछुआ शनिवार रात जेनको बाजार में नाश्ता करने पहुंचा था। इसी दौरान अचानक बड़ी संख्या में लोग वहां आ धमके और उस पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियारों के साथ-साथ लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल किया। अचानक हुए हमले से बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे. घटना के दौरान स्थानीय लोगों के एकत्र होने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। इसके बाद गंभीर रूप से घायल कृष्णा को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घायल के परिजनों ने बताया कि कृष्णा एक हत्या के मामले में जेल में बंद था और लगभग चार माह पूर्व जमानत पर रिहा हुआ था। रिहाई के बाद वह गांव में रह रहा था। अदालत में पेशी के सिलसिले में वह शुक्रवार को जमशेदपुर आया था। शनिवार शाम बाजार जाने के दौरान उस पर हमला कर दिया गया. परिजनों का आरोप है कि पड़ोसियों के साथ चल रहा पुराना विवाद इस हमले की वजह हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान की जा रही है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।



